जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को आदर्श आरक्षी मध्य विद्यालय के पास मुख्य सड़क पर स्कूली बच्चों से भरा एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल ऑटो में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ऑटो चालक पर नशे की हालत में वाहन चलाने का आरोप लगाया। लोगों का दावा है कि चालक ने गांजा का सेवन किया था। घटनास्थल से गांजा पीने में इस्तेमाल होने वाली दो चिलम मिलने की भी बात सामने आई है। हालांकि, चालक के नशे में होने की पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मेडिकल जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और ऑटो के अनियंत्रित होकर पलटने के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ऑटो में निर्धारित क्षमता से अधिक स्कूली बच्चों को तो नहीं बैठाया गया था।
हादसे ने स्कूली बच्चों की सुरक्षित यातायात व्यवस्था और ऑटो चालकों की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।