कोडरमा : झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। पोखरडीहा मोड़ के पास कांवड़ियों से भरी बस और ट्रक की जोरदार टक्कर में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब 50 लोग घायल हो गए। बस में सवार सभी श्रद्धालु नेपाल के रौतहट जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
बाबा बैद्यनाथधाम और बासुकीनाथ से लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, नेपाल से आए श्रद्धालु देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथधाम और दुमका के बासुकीनाथ में पूजा-अर्चना करने के बाद राजगीर लौट रहे थे। इसी दौरान पोखरिया मोड़ के पास उनकी बस की एक ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकाला।
12 वर्षीय बच्चे समेत तीन की मौत
हादसे में 12 वर्षीय शिवम कुमार की मौत की पुष्टि हुई है। दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। हादसे में घायल कई श्रद्धालुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलने के बाद सतगावां पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सतगावां ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
गंभीर घायलों को सदर अस्पताल कोडरमा भेजा गया
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा रेफर किया गया है। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम घायलों के उपचार में जुटी है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।