August 15, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

झारखंड के लातेहार में ऑटो पर पलटा तेज रफ्तार कंटेनर, 6 लोगों की मौत; डेढ़टंगवा घाटी में राहत-बचाव जारी

झारखंड के लातेहार में ऑटो पर पलटा तेज रफ्तार कंटेनर, 6 लोगों की मौत; डेढ़टंगवा घाटी में राहत-बचाव जारी

लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। चंदवा थाना क्षेत्र की डेढ़टंगवा घाटी में लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर एक ऑटो के ऊपर पलट गया।इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। हादसे में मारे गए लोगों की पहचान की कोशिश की जा रही है।

कंटेनर के नीचे दबने से ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई लोगों के फंसे होने की सूचना है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

कंटेनर के नीचे पूरी तरह दब गया ऑटो

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कंटेनर के पलटने से ऑटो पूरी तरह उसके नीचे दब गया। ऑटो का ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो रहा है। बचाव दल क्रेन की मदद से कंटेनर को हटाने का प्रयास कर रहा है।

बताया जा रहा है कि एक-एक व्यक्ति को बाहर निकालने में काफी समय लग रहा है। घटनास्थल की स्थिति बेहद भयावह बनी हुई है।

बच्चों के भी ऑटो में सवार होने की आशंका

हादसे में छोटे बच्चों के भी ऑटो में सवार होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या तथा उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे में हुए नुकसान की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

हादसे के बाद सड़क पर लगा जाम

दुर्घटना के कारण लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया। सड़क पर कंटेनर, क्षतिग्रस्त ऑटो और मलबा बिखरा होने के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और राहत-बचाव कार्य को प्राथमिकता दी।

स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, समाजसेवी और स्थानीय नेता भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने भी पुलिस एवं बचाव दल के साथ मिलकर राहत कार्य में सहयोग किया।

डेढ़टंगवा घाटी में फिर उठे सड़क सुरक्षा पर सवाल

डेढ़टंगवा घाटी में हुए इस हादसे ने एक बार फिर इस मार्ग की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घुमावदार और चुनौतीपूर्ण सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों को लेकर पहले से सावधानी की जरूरत महसूस की जाती रही है।

फिलहाल कंटेनर के अनियंत्रित होकर पलटने के वास्तविक कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल घटनास्थल पर राहत-बचाव अभियान जारी है। कंटेनर को हटाने और ऑटो में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस भीषण हादसे में कितने लोगों की जान गई और कितने लोग घायल हुए।

हालांकि जिला प्रशासन की ओर से अब तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading