डुमरिया: पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड के भालुकपातड़ा मौजा में करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का उद्घाटन 18 अगस्त 2026 को होगा।
राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी अस्पताल भवन का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में पोटका विधायक संजीव सरदार समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
झामुमो डुमरिया प्रखंड अध्यक्ष मिर्जा सोरेन ने बताया कि विधायक संजीव सरदार के आग्रह पर स्वास्थ्य मंत्री उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए सहमत हुए हैं।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार डुमरिया प्रखंड में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण हुआ है।
मिर्जा सोरेन ने कहा कि विधायक संजीव सरदार के लगातार प्रयास से डुमरिया की 10 पंचायतों के हजारों लोगों को अब बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
नए अस्पताल के शुरू होने से ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।
उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और विधायक संजीव सरदार के प्रति आभार जताया।
इस दौरान झामुमो प्रखंड सचिव जयपाल सिंह मुर्मू, कोषाध्यक्ष अर्जुन मुर्मू, भगत हांसदा, सुरेश हेंब्रम, दुला मुर्मू, दुर्गा चरण टुडू, सिदाम मुर्मू, रामदास हेंब्रम और तानो मार्डी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
30 बेड के अस्पताल में 24 घंटे मिलेंगी स्वास्थ्य सेवाएं
सीएचसी प्रभारी डॉ. पाराव माझी के अनुसार, नए अस्पताल में 30 बेड की सुविधा के साथ आवश्यक रक्त जांच, गैर-संचारी रोग (NCD) की जांच एवं उपचार संबंधी सेवाएं और किशोर स्वास्थ्य परामर्श केंद्र उपलब्ध होगा। अस्पताल का संचालन 24 घंटे किया जाएगा।
अस्पताल परिसर में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट भी संचालित होगी। यहां टीबी, मलेरिया, पीलिया (जॉन्डिस) समेत विभिन्न बीमारियों की जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा मरीजों को बेहतर आपातकालीन सेवा उपलब्ध कराने के लिए हाईटेक एंबुलेंस की सुविधा भी अस्पताल से जुड़ी होगी।