पलामू : पूर्व मध्य रेलवे के बरकाकाना-सोननगर रेलखंड पर मंगलवार को बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। गढ़वा रोड और सिगसिगी रेलवे स्टेशन के बीच सबनवा गांव के समीप रिवर्सिबल लाइन पर कोयला लदी मालगाड़ी के 11 डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। हादसे के बाद रेल परिचालन प्रभावित हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी बरकाकाना से कोयला लेकर सोननगर की ओर जा रही थी। गढ़वा रोड स्टेशन पार करने के बाद ट्रेन सिगसिगी की तरफ बढ़ रही थी। इसी दौरान सबनवा गांव स्थित ग्रासिम इंडस्ट्रीज के पास मालगाड़ी के कई डिब्बे अचानक बेपटरी हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के कंट्रोल रूम में हलचल बढ़ गई। रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। हादसे के कारण डाउन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। हालांकि, दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रेलवे की टीम पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और रेल परिचालन सामान्य करने में जुटी है। दुर्घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। रेलवे अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है।