जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के कुमरुम बस्ती में सोमवार दोपहर 33 वर्षीय मजदूर अरविंद महतो की मौत हो गई। निर्माणाधीन मकान में सेंट्रिंग का काम करने के दौरान वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से अरविंद गंभीर रूप से झुलस गया। उसे इलाज के लिए टीएमएच ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
इसके बाद परिजन और आसपास के लोग उसे करीब डेढ़ बजे एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में परिजनों और रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई।
पिलर की सेंट्रिंग के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, अरविंद महतो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के आमड़ाबेड़ा का रहने वाला था। वह पिछले करीब 10 वर्षों से जमशेदपुर में रहकर मजदूरी करता था। फिलहाल वह फदलोगोड़ा के पास रांगाखेन्ना गांव में अपने रिश्तेदार के घर रह रहा था।
सोमवार को अरविंद कुमरुम बस्ती निवासी निमाई महतो के निर्माणाधीन मकान में पिलर के गेट के लिए सेंट्रिंग लगाने का काम कर रहा था। उसके साथ एक महिला मजदूर भी काम कर रही थी। बताया गया कि निर्माण कार्य रविवार से ही शुरू हुआ था।
निर्माणाधीन मकान की बाउंड्री के ठीक ऊपर से हाईटेंशन बिजली का तार गुजर रहा है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे काम करने के दौरान अरविंद अचानक बिजली के तार की चपेट में आ गया।
करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलस गया। हादसे के दौरान तेज आवाज सुनाई देने पर मकान मालिक के चचेरे भाई को घटना की जानकारी हुई।
10 साल से जमशेदपुर में कर रहा था मजदूरी
अरविंद के चाचा नीलकमल महतो ने बताया कि हादसा करीब दोपहर 12 बजे हुआ। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और अरविंद को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों के मुताबिक, अरविंद के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। उसका पूरा परिवार गांव में ही रहता है। वह काम के सिलसिले में जमशेदपुर में रहता था और सप्ताह में एक-दो दिन अपने गांव जाता था।
परिजनों ने बताया कि अरविंद करीब आठ दिन पहले ही गांव से धनरोपनी का काम पूरा कर जमशेदपुर लौटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही पिता निवारण महतो समेत परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।