जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस 2026 को भव्य और गरिमामय तरीके से मनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। 15 अगस्त को जिला स्तरीय मुख्य समारोह बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित होगा, जहां सुबह 9:05 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
समारोह की तैयारियों को लेकर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजन समिति का गठन किया गया। तय कार्यक्रम के अनुसार, 14 अगस्त की पूर्व संध्या पर सिद्धगोड़ा टाउन हॉल में सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी, जिसमें जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
वहीं 15 अगस्त को जिला प्रशासन और प्रेस प्रतिनिधियों के बीच जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में फ्रेंडली फुटबॉल मैच भी खेला जाएगा।
स्वतंत्रता सेनानियों का होगा सम्मान
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों के घर 14 अगस्त को जाकर उन्हें शॉल और मिष्ठान्न भेंट कर सम्मानित किया जाए। साथ ही वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, माल्यार्पण तथा अन्य सम्मान कार्यक्रम सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी।
10 अगस्त से शुरू होगा परेड का पूर्वाभ्यास
स्वतंत्रता दिवस परेड का अभ्यास 10 अगस्त से शुरू होगा। पहला पूर्वाभ्यास पुलिस लाइन में कराया जाएगा, जबकि इसके बाद सभी अभ्यास गोपाल मैदान में होंगे। 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल के साथ परेड अभ्यास पूरा किया जाएगा।
परेड में आरएएफ, डीएपी (महिला एवं पुरुष), होमगार्ड, एनसीसी (महिला एवं पुरुष), स्काउट एवं गाइड तथा सीआरपीएफ की टुकड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी बैठक में चर्चा की गई।
गोपाल मैदान की तैयारियों की जिम्मेदारी जेएनएसी और जुस्को को
मुख्य समारोह स्थल की तैयारियों की जिम्मेदारी जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के नगर आयुक्त को सौंपी गई है। वे एनडीसी और जुस्को के साथ समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। जुस्को को गोपाल मैदान की साफ-सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा समारोह के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
15 अगस्त को रहेगा ड्राई डे
जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर 15 अगस्त को पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले में ड्राई डे घोषित किया है। इस दौरान शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, धालभूम एसडीएम अर्नव मिश्रा, जेएनएसी के नगर आयुक्त, अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, नजारत उपसमाहर्ता, डीएसपी ट्रैफिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं निजी कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।