सरायकेला: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित उषा मोड़ के पास संचालित विजय श्री कंपनी के मुख्य गेट पर सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं ने मजदूरों के साथ मिलकर जोरदार प्रदर्शन किया और कंपनी का गेट जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रबंधन पर श्रमिकों का शोषण करने, न्यूनतम मजदूरी और श्रम कानूनों के तहत मिलने वाले अधिकारों से वंचित रखने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे झामुमो नेताओं ने कहा कि जब तक कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) खुले मंच पर आकर मजदूरों से वार्ता नहीं करते और उनकी मांगों को स्वीकार करते हुए लिखित आश्वासन नहीं देते, तब तक गेट जाम और आंदोलन जारी रहेगा।
एक साल पहले हुए समझौते का भी नहीं हुआ पालन
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लगभग एक वर्ष पूर्व भी इसी तरह कंपनी के खिलाफ गेट जाम आंदोलन किया गया था। उस समय प्रबंधन ने बंद कमरे में हुई वार्ता के दौरान श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी, श्रम कानूनों के अनुरूप सभी वैधानिक सुविधाएं तथा अन्य अधिकार उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बावजूद उन वादों को लागू नहीं किया गया और कंपनी में मजदूरों का शोषण लगातार जारी है।
मंत्री के निर्देशों की अवहेलना का आरोप
झामुमो नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन ने राज्य के मंत्री दीपक बिरुआ के निर्देशों का भी पालन नहीं किया। उनका कहना है कि सरकार के हस्तक्षेप के बावजूद श्रमिकों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिससे मजदूरों में भारी नाराजगी है।
नेताओं ने स्पष्ट किया कि शीर्ष प्रबंधन के साथ सार्वजनिक रूप से वार्ता होने और श्रमिकों की मांगों पर ठोस एवं लिखित निर्णय लिए जाने तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अलर्ट, प्रदर्शन जारी
समाचार लिखे जाने तक विजय श्री कंपनी के मुख्य गेट पर प्रदर्शन जारी था। संभावित तनाव और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस मौके पर तैनात रही और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।