July 25, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
हिंदी

‘सीएम विंडो की शिकायतों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई’, गुरुग्राम में बोले नायब सिंह सैनी

‘सीएम विंडो की शिकायतों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई’, गुरुग्राम में बोले नायब सिंह सैनी

गुरुग्राम, 25 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को गुरुग्राम में शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें 15 शिकायतों की समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि 13 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि दो मामलों को लंबित रखा गया। इस दौरान, शिकायतों पर समाधान में लापरवाही पर मुख्यमंत्री ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सीएंडडी कचरे (निर्माण और विध्वंस से निकला कचरा) को अवैध रूप से डंप करने और सीएम विंडो की शिकायतों का समाधान न करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री सैनी ने मीडिया से संवाद में कहा, “आज के एजेंडा में 15 शिकायतें शामिल थीं, जिनमें से 13 का समाधान कर दिया गया है, जबकि दो अभी भी लंबित हैं। हमने स्पष्ट कर दिया है कि गुरुग्राम की स्वच्छता और सुंदरता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हमने यह भी कहा कि कोई निर्माण चल रहा है और कहीं भी गलत तरीके से सीएंडडी कचरा नहीं डालेगा। अगर कोई ऐसा कर रहा है तो कार्रवाई की जाएगी।”

उन्होंने बताया कि कुछ समस्याएं ‘सीएम विंडो’ को लेकर आई हैं। मैंने निर्देश दिए हैं कि इस पर जो भी शिकायत आती है, अधिकारी उसका समाधान सुनिश्चित करें। मैं स्वयं इसकी निगरानी कर रहा हूं। अगर किसी की भी दुर्भावना ‘सीएम विंडो’ में नजर आई तो कार्रवाई होगी, क्योंकि लोगों की समस्याओं का समाधान करना हमारी जिम्मेदारी है।

इस दौरान, उन्होंने युवाओं से जुड़े मुद्दों का राजनीतिकरण करने के लिए विपक्ष की आलोचना की। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस के पास उठाने के लिए कोई असली मुद्दा नहीं है और उसे पहले आत्म-मंथन करना चाहिए।”

सीएम सैनी ने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पार्टी युवाओं को लेकर राजनीति कर रही है। कांग्रेस लंबे समय तक सत्ता में रही और उसके कार्यकाल में ही युवाओं को सबसे अधिक भ्रष्टाचार और बेरोजगारी का सामना करना पड़ा। आरोप है कि नौकरियों का बंटवारा गलत तरीके से किया गया और जब इसे चुनौती दी गई, तो मामला अक्सर कोर्ट तक पहुंच गया।”

इससे पहले, मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम स्थित ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी की ओर से शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की एक प्रेरणादायी पहल है। यह अभियान हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराते हुए मां के सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण के निर्माण का संदेश देता है। आइए, हम सभी इस अभियान का हिस्सा बनें, अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण करें और हरियाली की दिशा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।”

–आईएएनएस

डीसीएच/

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading