जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम क्षेत्र में आपराधिक-राजनीतिक गठजोड़ के दोबारा सक्रिय होने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस गठजोड़ के खिलाफ अब निर्णायक लड़ाई शुरू हो चुकी है और समाज के सभी वर्गों को इसके विरोध में एकजुट होकर आगे आना चाहिए।
मीडिया को जारी बयान में सरयू राय ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से यह गिरोह सोशल मीडिया और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए भ्रामक एवं बेबुनियाद खबरें फैलाकर अपनी सक्रियता का संकेत दे रहा था।
अब इसकी गतिविधियां खुलकर सामने आने लगी हैं। उन्होंने दावा किया कि वह वर्ष 2005 से इस पूरे नेटवर्क की कार्यप्रणाली पर नजर रखे हुए हैं और इसके तौर-तरीकों से भली-भांति परिचित हैं।
विधायक ने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण प्राप्त अपराधी सार्वजनिक स्थानों पर मंत्री और विधायक के साथ अपनी तस्वीरों वाले पोस्टर लगाकर यह संदेश देने की कोशिश करते रहे हैं कि उन्हें सत्ता का संरक्षण प्राप्त है।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के एक युवा नेता की पहचान का इस्तेमाल कर कृष्णा नगर, गुरुद्वारा बस्ती और पारस नगर जैसे इलाकों में कम उम्र के युवाओं को प्रभावित किया जा रहा है तथा उन्हें अपराध की दुनिया में धकेलकर गिरोह के लिए मानव बल तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
सरयू राय के अनुसार यह गिरोह अब फिर से सक्रिय हो गया है और पूरे मानगो नगर निगम क्षेत्र में अपना नेटवर्क मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब इनके राजनीतिक संरक्षकों को जनता चुनाव में नकार देती है, तब इनकी गतिविधियां धीमी पड़ जाती हैं, लेकिन जैसे ही राजनीतिक संरक्षण दोबारा मिलता है, अपराधियों की सक्रियता भी बढ़ने लगती है।
उन्होंने कहा कि नवंबर 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद यह नेटवर्क लगभग निष्क्रिय हो गया था, लेकिन मानगो नगर निगम चुनाव के बाद इसकी गतिविधियां फिर तेज हो गई हैं।
उनका आरोप है कि अब अपराधियों का नाम सामने आने पर उनके समर्थक विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन और तस्वीरों के अपमान जैसी गतिविधियों के जरिए माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
विधायक ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र को अपराधियों का नया अड्डा बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे आम लोगों में भय का वातावरण पैदा हो रहा है। उन्होंने नागरिकों से इस मुद्दे को गंभीरता से लेने की अपील करते हुए कहा कि उभरते आपराधिक-राजनीतिक गठजोड़ को समय रहते समाप्त करना बेहद जरूरी है।
सरयू राय ने कहा कि अपराध और उसे मिलने वाले राजनीतिक संरक्षण के खिलाफ जो लोग संघर्ष कर रहे हैं, समाज के सभी वर्गों को उनका मनोबल बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो बालीगुमा-गुरुद्वारा रोड से लेकर आजाद नगर और जाकिर नगर तक का पूरा मानगो नगर निगम क्षेत्र अपराधियों के प्रभाव में आ सकता है।