गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया में दिनदहाड़े झांसा देकर एक महिला से सोने के जेवर ठगने का मामला सामने आया है। छोटा गम्हरिया दुर्गापूजा मैदान के समीप स्थित एक ब्यूटी पार्लर की संचालिका एवं आदर्श नगर निवासी सुनीता देवी को दो अज्ञात बदमाशों ने बातों में उलझाकर करीब 15 ग्राम सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए।
पीड़िता ने बताया कि गुरुवार दोपहर दो अज्ञात व्यक्ति उसके पास पहुंचे और पहले सामान्य बातचीत करने लगे। इसके बाद उन्होंने किसी मेडिकल कैंप के बारे में पूछताछ की। बातचीत के दौरान दोनों ने कहा कि वर्तमान माहौल ठीक नहीं है, इसलिए सोने के आभूषण पहनकर चलना सुरक्षित नहीं है।
सुनीता देवी का आरोप है कि बातचीत के दौरान ही दोनों आरोपियों ने संभवतः किसी प्रकार का स्प्रे किया, जिसके बाद उनकी मानसिक स्थिति असामान्य हो गई। इसी अवस्था में उन्होंने अपने गले से करीब 15 ग्राम वजनी सोने की चेन और कान की दोनों बालियां उतारकर आरोपियों को दे दीं।
कुछ देर बाद जब उन्हें होश आया तो अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने अपने पति विकास कुमार को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही विकास कुमार ने डायल 100 पर फोन कर पुलिस को मामले की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर और गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
साथ ही दोनों संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।