जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित मानगो डिमना चौक के पास एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में मंगलवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लाइब्रेरी भवन के नीचे लगे सोलर पैनल की बैटरियों में शॉर्ट सर्किट होने के कारण लगी बताई जा रही है।
देखते ही देखते पूरे परिसर में धुआं फैल गया, जिससे लाइब्रेरी भवन और कैफेटेरिया धुएं से भर गया। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज और अस्पताल में तैनात सुरक्षाकर्मी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
आग पर काबू पाने के लिए परिसर में मौजूद पांच फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोक लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैटरियों में ब्लास्ट होने से आग तेजी से फैली, जिससे कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बाद में दमकल विभाग की टीम भी वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आग को पूरी तरह बुझा दिया। आग बुझाने में होमगार्ड जवान अखिलेश ओझा, योगेंद्र शर्मा, पंकज कुमार झा, प्रदीप मिश्रा और संजय कुमार प्रसाद समेत कई जवानों ने अहम भूमिका निभाई।

