आरोपी ने खुद को “रवि लोहार” बताते हुए कहा था सरायकेला जेल में बंद है, जमानत के लिए चाहिए पैसा
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र स्थित झारखंड ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने किया।
उन्होंने बताया कि 22 मई को बैंक शाखा प्रबंधक के मोबाइल पर कॉल कर एक व्यक्ति ने खुद को “रवि लोहार” बताते हुए 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी थी। आरोपी ने कहा था कि वह सरायकेला जेल में बंद है और उसे जमानत तथा वकील के खर्च के लिए पैसों की जरूरत है। घटना के बाद बैंक प्रबंधक ने कांड्रा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर के मानगो बस स्टैंड के समीप छापेमारी कर आरोपी बंटी गुहा (38) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी का निवासी है और वर्तमान में पश्चिम कोलकाता में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से रंगदारी, लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
