जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत हाता-जमशेदपुर मुख्य मार्ग पर पावरू पहाड़ चौक के समीप सोमवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क पर चल रहे भैंसों के झुंड से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि चार भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। टक्कर के बाद बोलेरो भी सड़क पर पलट गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार बोलेरो जमशेदपुर से हाता की ओर जा रही थी। वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक संतुलन खो बैठा और सड़क पर मौजूद मवेशियों के झुंड को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक बोलेरो छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने बोलेरो चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए मृत मवेशियों को सड़क से हटाने और पशुपालकों को उचित मुआवजा देने की मांग की। सूचना मिलने पर पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
