July 26, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
अपराध

जमशेदपुर के विक्रम शर्मा की देहरादून में दिनदहाड़े हत्या, मॉल से जिम लौटते वक्त दो बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, मौके पर मौत

जमशेदपुर के विक्रम शर्मा की देहरादून में दिनदहाड़े हत्या, मॉल से जिम लौटते वक्त दो बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, मौके पर मौत

घटनास्थल से जुटाए जा रहे साक्ष्य, खंगाली जा रही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज

मृतक के परिजनों को दे दी गई सूचना, शव को भेजा गया पोस्टमार्टम के लिए, छापेमारी कर रही पुलिस

जमशेदपुर/देहरादून। लौह नगरी की चर्चित हस्ती विक्रम शर्मा की, शुक्रवार सुबह उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े हत्या कर दी गई।, इस वारदात से देहरादून से लेकर जमशेदपुर तक सनसनी फैल गई है।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून शहर के व्यस्त क्षेत्र स्थित सिल्वर सिटी मॉल में अज्ञात हमलावरों ने विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10 बजे की है। विक्रम शर्मा मॉल परिसर स्थित जिम से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान सीढ़ियों के पास पहले से घात लगाए दो हमलावर पैदल पहुंचे और बेहद नजदीक से पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। तीन गोलियां लगने से विक्रम शर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एसटीएफ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रथम दृष्टया हत्या सुनियोजित प्रतीत होती है। जिस तरीके से नजदीक से फायरिंग की गई, उससे साफ है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
बताया जाता है कि विक्रम शर्मा प्रॉपर्टी डीलिंग व स्टोन क्रशर व्यवसाय से जुड़े थे। सूत्रों के अनुसार उनका नाम दुमका जेल में बंद कुख्यात अपराधी अखिलेश सिंह से भी जोड़ा जाता रहा है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की बात कही है।
घटना के बाद मॉल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोलियों की आवाज सुनते ही लोग इधर-उधर भागने लगे। दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस हत्या ने आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है। उल्लेखनीय है कि बीते 15 दिनों के भीतर देहरादून में यह पांचवीं हत्या बताई जा रही है, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या व्यवसायिक विवाद की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
फिलहाल पुलिस और एसटीएफ की टीमें हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने का आश्वासन दिया है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading