मुख्य वक्ता कर्नल विनय आहूजा ने छात्रों को प्रशासनिक सेवाओं और देश सेवा के लिए किया प्रेरित
जमशेदपुर, सोमवार। करीम सिटी कॉलेज, साकची में करियर प्लानिंग एंड गाइडेंस सेल एवं आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में कर्नल विनय आहूजा उपस्थित रहे।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रे याज ने मुख्य अतिथि का पुष्प गुच्छ एवं मोमेंटो देकर स्वागत किया। इस अवसर पर करियर गाइडेंस सेल के कोऑर्डिनेटर डॉ. आफताब आलम ने सेल की कार्यशैली और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
कर्नल आहूजा ने विद्यार्थियों को डिफेंस सेक्टर में करियर के अवसरों की जानकारी दी और उन्हें प्रशासनिक सेवाओं में जुड़कर देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को रोज़गार के मौजूदा अवसरों के प्रति जागरूक किया और कहा कि सही दिशा में योजना बनाकर ही सफलता संभव है।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने सवालों के माध्यम से अपनी जिज्ञासाएं प्रकट कीं, जिनका उत्तर मुख्य वक्ता ने सहजता और स्पष्टता से दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विद्यार्थी, प्राध्यापकगण एवं गाइडेंस सेल के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. फिरोज आलम ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सेमेस्टर 4 की छात्रा रिषु कुमारी ने प्रस्तुत किया।
