== अपराध नियंत्रण व संसाधन बंटवारे पर होगा फोकस
रांची : जमशेदपुर का मानगो जल्द ही नया पुलिस अनुमंडल बनने जा रहा है। सोमवार को मुख्य सचिव अलका तिवारी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समिति की बैठक में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।
मुख्य सचिव ने इस मौके पर राज्य के डीजीपी को निर्देश दिया कि कानून-व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए सभी जिलों की जरूरतों का आकलन कराया जाए। उन्होंने कहा कि इससे अपराध ग्राफ और ट्रेंड के साथ-साथ मौजूदा संसाधन और आवश्यकताओं का स्पष्ट डाटा मिलेगा, जिससे अपराध रोकथाम के लिए बेहतर ढंग से संसाधनों का बंटवारा किया जा सकेगा।
बढ़ती आबादी व अपराधों को देखते लिया गया फैसला
फिलहाल पूर्वी सिंहभूम जिले में जमशेदपुर (मुख्यालय) और पटमदा पुलिस अनुमंडल मौजूद हैं। लेकिन मानगो, आजादनगर और ओलीडीह ओपी क्षेत्र में तेजी से बढ़ती जनसंख्या, घनत्व और विभिन्न प्रकृति के अपराधों को देखते हुए नया अनुमंडल बनाने की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
गृह सचिव वंदना डाडेल ने कहा कि मानगो में आर्थिक अपराध, नारकोटिक्स और अन्य जटिल मामलों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह कदम आवश्यक था। डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बताया कि मानगो अनुमंडल का गठन जमशेदपुर (मुख्यालय) और पटमदा अनुमंडल से क्षेत्र काटकर किया जाएगा।
बैठक में शामिल अधिकारी
बैठक में वित्त सचिव प्रशांत कुमार, कार्मिक सचिव प्रवीण टोप्पो, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव चंद्रशेखर, ग्रामीण विकास सचिव के. श्रीनिवासन और आईजी नरेन्द्र कुमार सिंह मौजूद रहे।
