July 26, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

ओडिशा के बंडामुंडा में मालगाड़ी बेपटरी, हावड़ा–मुंबई मुख्य रेलमार्ग पर कई घंटों तक बाधित रहा डाऊन लाइन का यातायात

ओडिशा के बंडामुंडा में मालगाड़ी बेपटरी, हावड़ा–मुंबई मुख्य रेलमार्ग पर कई घंटों तक बाधित रहा डाऊन लाइन का यातायात

चक्रधरपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल में रेल हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। बीती रात बंडामुंडा रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के दो डिब्बे बेपटरी हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब मालगाड़ी बंडामुंडा से बिसरा की ओर जा रही थी। दुर्घटना डाऊन मेन लाइन पर हुई, जिसके कारण हावड़ा–मुंबई मुख्य रेलमार्ग पर डाऊन दिशा की ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा।

नई लाइन से निकाली गई एक्सप्रेस ट्रेनें

बेपटरी हुए डिब्बों के कारण डाऊन मेन लाइन बाधित हो गई। स्थिति को संभालने के लिए रेलवे ने तत्काल निर्णय लेते हुए हाल ही में निर्मित नई डाऊन लाइन से यात्री व एक्सप्रेस ट्रेनों को निकाला। इसके कारण यात्रियों को बड़ी परेशानी से राहत मिली, हालांकि कई गाड़ियां अपने निर्धारित समय से लेट चलीं।

रातभर चला राहत कार्य

रेलवे के तकनीकी दल ने रातभर राहत कार्य जारी रखा। बेपटरी हुए डिब्बों को वापस पटरी पर लाने की कवायद जारी है। इस काम के लिए चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय से विशेष राहत ट्रेन और इंजीनियरिंग टीम आज सुबह बंडामुंडा रवाना हुई। उम्मीद है कि कुछ ही घंटों में स्थिति सामान्य हो जाएगी और डाऊन मेन लाइन पर परिचालन फिर से सुचारु होगा।

यात्रियों में हड़कंप, रेलवे ने किया अपील

हादसे के बाद रातभर स्टेशन पर यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को शांत कराया और नई डाऊन लाइन से ट्रेन संचालन की जानकारी दी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें।

लगातार हो रहे हादसे से चिंता

गौरतलब है कि चक्रधरपुर रेल मंडल में पिछले कुछ महीनों में मालगाड़ियों के बेपटरी होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे रेल सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मंडल प्रशासन का कहना है कि हादसों के कारणों की जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading