जमशेदपुर: शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सरकारी जमीन पर बसे लोगों के खिलाफ प्रशासन का अभियान जारी है। मानगो में पुरुलिया रोड और पोस्ट ऑफिस रोड में पिछले दिनों कई अवैध निर्माण को तोड़ा गया था।
गुरुवार को एक बार फिर मानगो अंचल क्षेत्र में सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को कार्रवाई की।
धालभूम अनुमंडल प्रशासन के निर्देश पर मानगो मौजा में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि विधि-व्यवस्था बनी रहे।
प्रशासन के अनुसार, मानगो अधिसूचित क्षेत्र, जिसे अब मानगो नगर निगम के नाम से जाना जाता है, के वार्ड संख्या-9 स्थित मानगो मौजा में खाता संख्या 908 और प्लॉट संख्या 3033 की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किया गया था।
इस जमीन से संबंधित दो मामलों में अतिक्रमण चिह्नित किया गया था।
पहले मामले में 0.50 डिसमिल सरकारी जमीन पर पुष्पा तिर्की के नाम से अतिक्रमण दर्ज था, जबकि दूसरे मामले में इसी खाता और प्लॉट की 3.50 डिसमिल जमीन पर मोनिका तिर्की के नाम से अतिक्रमण दर्ज किया गया था।
दोनों मामले क्रमशः 12/2022-23 और 14/2022-23 से संबंधित हैं।
इससे पहले पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई स्थगित कर दी गई थी। बाद में धालभूम अनुमंडल प्रशासन ने दोनों मामलों में दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करते हुए पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया।
इसके बाद गुरुवार को प्रशासन ने कार्रवाई पूरी की।
अनुमंडल प्रशासन ने मानगो अंचल अधिकारी ब्रजेश श्रीवास्तव को अंचल निरीक्षक के माध्यम से कार्रवाई में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। वहीं, मानगो थाना प्रभारी को पुलिस पदाधिकारी के साथ सशस्त्र बल, लाठी बल और महिला पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया था।
प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान न्यायालय से संबंधित किसी आदेश की भी जांच करने का निर्देश दिया था। आदेश में स्पष्ट किया गया था कि यदि संबंधित भूमि को लेकर किसी न्यायालय का आदेश मौजूद हो, तो उसकी जांच के बाद ही विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी होने के बाद संबंधित अधिकारियों को इसका अनुपालन प्रतिवेदन धालभूम अनुमंडल प्रशासन को सौंपने का निर्देश दिया गया है।