चतरा : झारखंड के चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तड़गू नदी के चटनिया घाट पर दो बच्चों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों बच्चों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि तीन बच्चे नदी में नहाने पहुंचे थे, इसी दौरान दो गहरे पानी में चले गए। पुलिस तीसरे बच्चे की भी तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह तीन बच्चे तड़गू नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान दो बच्चे नदी के गहरे हिस्से में चले गए और डूब गए।
हादसे के बाद तीसरे बच्चे का भी कोई पता नहीं चल सका। वह भी नदी में डूबा है या किसी तरह बाहर निकलकर वहां से चला गया, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
नदी में दो बच्चों के शव देखकर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल सदर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को नदी से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर उनकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही तीसरे बच्चे की तलाश भी की जा रही है।
घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तीनों बच्चे कौन थे और वे नदी तक किसके साथ पहुंचे थे।
नदी किनारे मिले साइकिल और बैग
घटनास्थल के पास ग्रामीणों को दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग और अन्य सामान भी मिला है। इन सामानों को देखकर पुलिस को बच्चों की पहचान के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद सामान उन्हीं तीन बच्चों का है या किसी अन्य व्यक्ति का। फिलहाल पुलिस बच्चों की पहचान के साथ-साथ तीसरे बच्चे की तलाश में जुटी हुई है।