चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहदा गांव में रविवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी कुइली नदी में अचानक तेज बहाव आने से तीन ग्रामीण पानी की चपेट में आकर बह गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने खोज अभियान शुरू किया, जिसमें दो लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक महिला की तलाश अब भी जारी है।
बरामद शवों में एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। महिला का शव घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला। उसकी पहचान बहदा गांव के मुंडा रोया सिद्धू की मां के रूप में हुई है।
इसके कुछ समय बाद रोया सिद्धू के पिता बोसेन सिद्धू का शव भी बरामद कर लिया गया। वहीं, बामिया सिद्धू की पत्नी सुनीता सिद्धू अभी लापता हैं।
अंतिम संस्कार से लौटते समय हुआ हादसा
ग्रामीणों के मुताबिक, तीनों रविवार को गांव के एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद कुइली नदी पार कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी क्षेत्र में हुई तेज बारिश से नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया।
देखते ही देखते नदी का बहाव इतना तेज हो गया कि तीनों ग्रामीण उसकी चपेट में आ गए और बह गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने नदी और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू कर दी। खोजबीन के दौरान झाड़ियों में महिला का शव दिखाई दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने नदी में उतरकर शव को बाहर निकाला। बाद में बोसेन सिद्धू का शव भी बरामद कर लिया गया।

बारिश और अंधेरे से तलाश में परेशानी
लगातार बारिश, अंधेरा और नदी की तेज धार के कारण लापता महिला की तलाश में ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोग लगातार नदी के आसपास संभावित स्थानों पर खोज अभियान चला रहे हैं। हादसे के बाद बहदा गांव में शोक का माहौल है।