जमशेदपुर : जमशेदपुर में निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत दावा और आपत्ति के निष्पादन की प्रक्रिया जारी है।
शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने विभिन्न सुनवाई स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को मतदाताओं की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिले में निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 के तहत दावा और आपत्ति प्राप्त करने के साथ-साथ उनके निष्पादन की प्रक्रिया लगातार जारी है।
मतदाताओं को अपने नाम और निर्वाचक विवरण से जुड़ी आपत्ति या दावा दर्ज कराने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जिले के विभिन्न निर्धारित केंद्रों पर सुनवाई की व्यवस्था की गई है।
शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय परिसर, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम कार्यालय, आईटीडीए कार्यालय, जिला जनसंपर्क कार्यालय और वाणिज्य कर कार्यालय में बनाए गए दावा-आपत्ति सुनवाई स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अब तक हुई कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मचारियों से दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन तथा मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
मतदाताओं को प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी देने का निर्देश
उपायुक्त राजीव रंजन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुनवाई स्थलों पर पहुंचने वाले प्रत्येक नागरिक को दावा या आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और संबंधित नियमों की स्पष्ट जानकारी दी जाए।
उन्होंने कहा कि प्रक्रिया को लेकर किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी निर्धारित केंद्रों पर जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें और नागरिकों के साथ सहयोगपूर्ण व्यवहार किया जाए। प्राप्त दावा-आपत्तियों का नियमानुसार और निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया।
निर्वाचक सूची की जांच करने की अपील
उपायुक्त ने कहा कि SIR-2026 का प्रमुख उद्देश्य निर्वाचक सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। ऐसे में सभी पात्र मतदाताओं को अपने नाम और निर्वाचक विवरण की जांच करनी चाहिए।
यदि किसी मतदाता का नाम सूची से छूट गया है, विवरण में किसी तरह की त्रुटि है या निर्वाचक सूची को लेकर कोई अन्य आपत्ति है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा अथवा आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह के अलावा संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे SIR-2026 के तहत अपने निर्वाचक विवरण की जांच करें और आवश्यकता होने पर निर्धारित अवधि के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराएं।
प्रशासन का कहना है कि निर्वाचक सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने के लिए मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।