August 29, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
हिंदी

मुंबई में 22 फीट ऊंची भगवान गणेश की मूर्ति गिरी, 2 लोगों की मौत और 5 घायल

मुंबई में 22 फीट ऊंची भगवान गणेश की मूर्ति गिरी, 2 लोगों की मौत और 5 घायल

मुंबई, 23 अगस्त (आईएएनएस)। गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच मुंबई के भुलेश्वर में बड़ा हादसा हो गया। शनिवार रात ‘भुलेश्वर चा राजा’ के नाम से मशहूर भगवान गणेश की 22 फीट ऊंची मूर्ति लाते समय संतुलन बिगड़ने के कारण गिर गई। मूर्ति की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब 10.30 बजे भायखला से भुलेश्वर ले जाई जा रही 22 फुट ऊंची विशाल मूर्ति मंडप से 50-60 मीटर पहले अचानक गिर गई। मूर्ति की चपेट में आने से करीब 7 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम, बीएमसी के अधिकारी और मुंबई पुलिस मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू करके घायलों को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया।

अस्पताल में भुलेश्वर में गणपति मंडल के अध्यक्ष समेत दो को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान 33 वर्षीय संकेत नेवशे और 30 वर्षीय बृजेश हेमंत जोशी के रूप में हुई है। वहीं, वैभव घेनांद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

गौरतलब है कि मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में गणेशोत्सव बहुत भव्य तरीके से मनाया जाता है। अगले महीने पड़ने वाले गणेश चतुर्थी की तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं। दस दिन चलने वाले इस त्योहार में घरों के साथ सार्वजनिक पंडालों में गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। मुंबई में प्रतिमाओं को पंडाल तक लाने और विसर्जन के लिए जुलूस निकाले जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं।

इस साल महाराष्ट्र में गणेशोत्सव 14 सितंबर से शुरू होगा। एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई में 10,600 सार्वजनिक गणेश मंडल हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ 2,500 ने ही 10 दिन तक चलने वाले इस त्योहार के लिए मंजूरी ली है। अनुमान है कि पूरे महाराष्ट्र में लगभग 28 लाख गणेश मूर्तियां स्थापित की जाएंगी।

–आईएएनएस

ओपी/एएस

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading