August 6, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
अपराध

Jamshedpur : मानगो के टाइल्स शोरूम में चोरी, एसी का कॉपर पाइप और जनरेटर बैटरी ले उड़े चोर

Jamshedpur : मानगो के टाइल्स शोरूम में चोरी, एसी का कॉपर पाइप और जनरेटर बैटरी ले उड़े चोर

जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित एनएच-33 पर एक टाइल्स शोरूम में देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। चोर एसी का कॉपर पाइप और जनरेटर की बैटरी लेकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।

अज्ञात चोरों ने ‘टाइल्स गैलरी’ नामक शोरूम को निशाना बनाते हुए करीब एक लाख रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह उस समय हुई, जब शोरूम संचालक मोहित शाह रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचे।

दुकान का निरीक्षण करने पर उन्होंने पाया कि शोरूम में लगे एयर कंडीशनर (एसी) का कॉपर पाइप काटकर चोरी कर लिया गया है। इसके अलावा परिसर में रखे जनरेटर की बैटरी भी गायब थी। चोरी का पता चलते ही उन्होंने पूरे शोरूम की जांच की और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति देर रात शोरूम परिसर में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम देता हुआ दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। शोरूम संचालक मोहित शाह ने बताया कि चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये है।

घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ आसपास के इलाकों में लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।

इधर, क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में चिंता और नाराजगी है। व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय नियमित गश्त बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading