जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के डिमना क्षेत्र में संयुक्त ग्राम सभा संघर्ष समिति के तत्वावधान में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
डिमना स्थित मुर्मू कॉम्प्लेक्स, तिलका चौक में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और दिशोम गुरु के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पूरा जीवन झारखंडियों के अधिकार, सम्मान और पहचान की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा को अपना प्रमुख लक्ष्य बनाया तथा आदिवासी-मूलवासी समाज के हक की लड़ाई को नई दिशा दी।
वक्ताओं ने कहा कि शिबू सोरेन ने महाजनी शोषण, सामाजिक कुरीतियों और अन्याय के खिलाफ लगातार संघर्ष किया। उन्होंने समाज में जागरूकता फैलाकर लोगों को आत्मसम्मान, स्वाभिमान और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
उनके संघर्ष, विचार और जनसेवा आज भी झारखंड के लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान को हमेशा याद रखेंगी।
कार्यक्रम में डिमना गांव के माझी बाबा दीपक मुर्मू, झारखंड आंदोलनकारी डेमका सोय, सामाजिक कार्यकर्ता मदन मोहन सोरेन, सनातन टुडू, सोनाराम टुडू, नवीन हांसदा समेत क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।
सभी ने दिशोम गुरु के बताए मार्ग पर चलने और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।