July 29, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

Jamshedpur : परसुडीह रेलवे यार्ड के पास वरिष्ठ अनुभाग अभियंता पर चाकू से हमला, मोबाइल-नकदी लूटकर बदमाश फरार

Jamshedpur : परसुडीह रेलवे यार्ड के पास वरिष्ठ अनुभाग अभियंता पर चाकू से हमला, मोबाइल-नकदी लूटकर बदमाश फरार

जमशेदपुर : परसुडीह लोको फाटक के समीप मंगलवार रात रेलवे के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (SSE) जुनैल केरकेट्टा (44) पर अज्ञात बदमाश ने चाकू से हमला कर मोबाइल, नकदी और अन्य सामान लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना से रेलवे कर्मचारियों में दहशत फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, जुनैल केरकेट्टा मंगलवार रात नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद मेन यार्ड से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 10:30 बजे परसुडीह लोको फाटक के पास रेलवे ट्रैक के समीप एक अज्ञात बदमाश ने उन्हें रोक लिया।

विरोध करने पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई। इसके बाद बदमाश उनका मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान लूटकर फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद घायल रेलकर्मी को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच गए। परसुडीह थाना पुलिस, रेल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के इलाके में भी छानबीन की। फिलहाल हमलावर की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात केवल लूट के उद्देश्य से की गई या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी था।

घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने यार्ड और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। कर्मचारियों का कहना है कि रात की ड्यूटी करने वाले रेलकर्मियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं लगातार होने का खतरा बना रहता है।

रेल कर्मचारियों ने रेलवे प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि रेलवे यार्ड एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा रात के समय अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि ड्यूटी से लौटने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading