जमशेदपुर: 16 जुलाई को आयोजित होने वाली श्री जगन्नाथ रथ यात्रा-2026 के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने पुख्ता तैयारी की।
शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई, जिसमें सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस व्यवस्था, ट्रैफिक प्लान, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, साफ-सफाई और आपदा प्रबंधन सहित सभी विभागों की तैयारियों का जायजा लिया गया। अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि रथ यात्रा में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने आयोजन के दौरान प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त एम्बुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित करने, नगर निकाय को पेयजल, साफ-सफाई और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था करने तथा अग्निशमन विभाग को सभी आवश्यक संसाधनों के साथ पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाएगी।
संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और अन्य आधुनिक संसाधनों के माध्यम से पूरे आयोजन की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को सतर्कता, बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में रथ यात्रा मार्ग का निरीक्षण, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, यातायात डायवर्जन, आपातकालीन निकासी योजना, नियंत्रण कक्ष की स्थापना, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक में सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, अपर उपायुक्त, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), उप नगर आयुक्त, ट्रैफिक डीएसपी, एसडीएम घाटशिला, जिला परिवहन पदाधिकारी, विद्युत, अग्निशमन, पेयजल, आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
संबंधित पदाधिकारियों को उपायुक्त और एसएसपी ने हिदायत दी कि किसी भी स्थिति में सुरक्षा प्रबंध में लापरवाही क्षम्य नहीं होगा।
