जमशेदपुर : वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने और स्कूली विद्यार्थियों को शोध एवं नवाचार से परिचित कराने के उद्देश्य से सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (CSIR-NML), जमशेदपुर में सीएसआईआर-जिज्ञासा वर्चुअल लेबोरेटरी योजना के तहत शुक्रवार (10 जुलाई 2026) को बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल के 75 विद्यार्थियों और चार शिक्षकों के लिए विशेष प्रयोगशाला भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उद्घाटन सत्र के साथ हुआ। इस अवसर पर सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों का स्वागत करते हुए बताया कि पिछले 75 वर्षों में संस्थान ने वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी नवाचारों के माध्यम से देश के औद्योगिक एवं तकनीकी विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इसके बाद वैज्ञानिक-जी एवं आईएमडीसी (IMDC) के प्रमुख डॉ. के. गोपाला कृष्णा ने विज्ञान एवं अनुसंधान की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जिज्ञासु बने रहने, नए प्रश्न पूछने और वैज्ञानिकों से संवाद करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं वैज्ञानिक-डी डॉ. श्रीदा पी. ने सीएसआईआर-जिज्ञासा कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि इसका लक्ष्य स्कूली छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और उन्हें शोध के प्रति प्रेरित करना है।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने एप्लाइड एंड एनालिटिकल केमिस्ट्री डिवीजन, क्रीप टेस्टिंग फैसिलिटी, ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग यूनिट, ब्रास मेल्टिंग फैसिलिटी सहित विभिन्न अत्याधुनिक अनुसंधान प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। इसके अलावा उन्हें डू-इट-योरसेल्फ (DIY) साइंस किट का प्रदर्शन भी दिखाया गया, जिससे विज्ञान के प्रयोगों को सरल और रोचक तरीके से समझाया गया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने इस भ्रमण को प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इससे विज्ञान और अनुसंधान के प्रति उनकी रुचि और अधिक बढ़ी है।
विद्यार्थियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन से उन्हें काफी लाभ मिलेगा। एनएमएल के ऐसे कार्यक्रमों का स्वागत है।