जमशेदपुर : शहर के साकची स्थित रविन्द्र भवन सभागार में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को सफल बनाने के उद्देश्य से वोटर अवेयरनेस फोरम (VAF) और इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के नोडल पदाधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए जागरूकता अभियान को संस्थागत स्तर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न वोटर अवेयरनेस फोरम (VAF) तथा विद्यालयों और महाविद्यालयों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के नोडल पदाधिकारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रतिभागियों को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्य, प्रक्रिया, समय-सीमा और विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी।
बताया गया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, ताकि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके तथा मृत, स्थानांतरित या अपात्र मतदाताओं के नामों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन एवं निष्पादन किया जा सके।
प्रशिक्षकों ने कहा कि वोटर अवेयरनेस फोरम और इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब निर्वाचन संबंधी जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों, सरकारी कर्मचारियों तथा आम नागरिकों तक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी पहुंचाई जाएगी।
साथ ही पात्र मतदाताओं को नाम जोड़ने, संशोधन कराने और आवश्यक प्रपत्र समय पर भरकर जमा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।


बैठक में सभी नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों तथा औद्योगिक प्रतिष्ठानों में जागरूकता बैठकें आयोजित करें।
इन बैठकों के माध्यम से लोगों को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और समयबद्ध कार्यवाही की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों, संस्थागत संवाद कार्यक्रमों तथा निर्वाचन संबंधी सही एवं प्रमाणिक जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह सहित वोटर अवेयरनेस फोरम एवं इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के सभी नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षकों ने कहा कि उम्मीद है कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल लोगों को इस अभियान को सफल बनाने में काफी सहूलियत होगी।