गम्हरिया : सरायकेला खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र के बुरूडीह पंचायत में अवैध देशी शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को गुप्त सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब निर्माण केंद्र को ध्वस्त कर भारी मात्रा में जावा महुआ तथा शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री को नष्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू के नेतृत्व में शनिवार सुबह बुरूडीह पंचायत स्थित नदी किनारे नया घाट और नई पुलिया के समीप औचक छापेमारी की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 250 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
इसके अलावा देशी शराब निर्माण में इस्तेमाल की जा रही दो अवैध भट्टियों को भी ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी विनोद Kumar मुर्मू, एसआई राम दयाल उरांव समेत सशस्त्र बल के कई जवान शामिल थे। पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
