August 29, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

न्यू केबुल टाउन में 23 अप्रैल से लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, कलश यात्रा से होगा शुभारंभ

न्यू केबुल टाउन में 23 अप्रैल से लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, कलश यात्रा से होगा शुभारंभ

जमशेदपुर। गोलमुरी स्थित न्यू केबुल टाउन सामुदायिक भवन मैदान में 23 अप्रैल से 1 मई 2026 तक आयोजित होने वाले श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लक्ष्मीनारायण महायज्ञ समिति द्वारा आयोजित यह नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान सनातन संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का महापर्व माना जा रहा है।

मंगलवार को आयोजन समिति की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में परमश्रद्धेय गुरुदेव श्री श्री 108 जय मंगला बाबा ने यज्ञ की महत्ता बताते हुए कहा कि धर्म और सद्कर्म ही जीवन को सार्थक बनाते हैं। उन्होंने कहा कि यज्ञ, पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जिससे शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। अब तक 128 यज्ञों का संचालन कर चुके बाबा ने श्रद्धालुओं से महायज्ञ में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की।

समिति के मुख्य संयोजक अनिल ठाकुर ने बताया कि महायज्ञ का शुभारंभ 23 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा ओल्ड केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर (बिरला मंदिर) से शुरू होकर यज्ञ स्थल तक पहुंचेगी। इसमें सुल्तानगंज से लाए गए उत्तरवाहिनी गंगाजल से भरे कलश के साथ हजारों श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं, शामिल होंगी।

उन्होंने बताया कि प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से रात 8:30 बजे तक भजन-कीर्तन और प्रवचन होंगे। प्रसिद्ध कथावाचक रामचरित्र दास जी महाराज अपने सहयोगियों के साथ संगीतमय कथा और झांकियों के माध्यम से धर्म और संस्कृति का संदेश देंगे। यज्ञ स्थल पर पांच कुंडीय यज्ञशाला बनाई गई है, जहां बनारस के आचार्य लाल मोहन शास्त्री अपने 21 सदस्यीय दल के साथ वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराएंगे।

आयोजन को भव्य रूप देने के लिए 108 देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए मजबूत पंडाल, सुरक्षा और पार्किंग की बेहतर व्यवस्था की गई है। समिति सदस्य बिट्टू तिवारी ने बताया कि पूरे क्षेत्र को केसरिया ध्वज और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है।

महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन होगा। 1 मई को पूर्णाहुति और महाभंडारा, जबकि 2 मई को रामार्चा पूजा एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

समिति ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से इस पावन आयोजन में भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading