July 25, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

टाटा स्टील में राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस पर वीरों को श्रद्धांजलि, सुरक्षा जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ

टाटा स्टील में राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस पर वीरों को श्रद्धांजलि, सुरक्षा जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ

जमशेदपुर : जमशेदपुर में टाटा स्टील ने राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर वीर अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। मंगलवार को इस अभियान का शंभारंभ हुआ। इस दौरान सुरक्षा जागरूकता और आपदा प्रबंधन को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यह सप्ताह उन बहादुर अग्निशमन कर्मियों को समर्पित है, जो अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों के जीवन और संपत्तियों की रक्षा करते हैं।

इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों, ठेकेदारों, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संस्थानों के साथ-साथ आम समुदाय में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि आग से जुड़ी घटनाओं की रोकथाम और आपात स्थितियों का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।

टाटा स्टील फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज, जमशेदपुर में आयोजित उद्घाटन समारोह में डी. बी. सुंदरा रामम (वाइस प्रेसिडेंट, कॉर्पोरेट सर्विसेज) मुख्य अतिथि और सतीश सिंह (महासचिव, टाटा वर्कर्स यूनियन) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अरविंद कुमार सिन्हा, दीबा अहमद, स्नेहा, राकेश जोशी, अभय रंजन, संजय सिंह एवं शहनवाज़ खान समेत अन्य अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने वीर अग्निशमन कर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

उल्लेखनीय है कि भारत में 14 अप्रैल को राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के रूप में मनाया जाता है, जिसकी पृष्ठभूमि 1944 के बॉम्बे डॉक विस्फोट से जुड़ी है। इस भीषण दुर्घटना में आग पर काबू पाने के दौरान 66 अग्निशमन कर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनका बलिदान आज भी साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल है।

मुख्य अतिथि डी. बी. सुंदरा रामम ने अग्निशमन कर्मियों के साहस की सराहना करते हुए कहा कि वे हर परिस्थिति में समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने टाटा स्टील फायर सर्विसेज द्वारा आग की घटनाओं के प्रभावी प्रबंधन की सराहना की और स्काईलिफ्ट फायर टेंडर एवं क्रैश फायर टेंडर जैसे आधुनिक उपकरणों का उल्लेख किया।

उन्होंने शॉपफ्लोर पर नियमित फायर ऑडिट की आवश्यकता पर बल दिया और फायर एंड रेस्क्यू टीम से सुरक्षा जागरूकता अभियान को और तेज करने की अपील की।

वहीं, टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश सिंह ने अग्निशमन कर्मियों की प्रतिबद्धता की प्रशंसा करते हुए इस क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने की पहल को सराहनीय बताया।

इस अवसर पर अतिथियों ने वेस्ट प्लांट फायर स्टेशन में ‘फायर एंड रेस्क्यू प्रदर्शनी’ का उद्घाटन किया तथा जागरूकता के लिए एक अग्निशमन वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading