जमशेदपुर: मानगो अंचल के भिलाईपहाड़ी मौजा में सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण कर निर्माण किए जाने के मामले में अंचल प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मानगो अंचल अधिकारी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने मामले में 10 लोगों को नोटिस जारी कर जमीन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज के साथ अंचल कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया था।
अंचल कार्यालय की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक भिलाईपहाड़ी मौजा स्थित खाता संख्या 293, प्लॉट संख्या 259 और कुल रकबा 4.10 एकड़ भूमि अनावाद बिहार सरकार के खाते में दर्ज है। इस सरकारी भूमि पर कथित रूप से निर्माण कार्य किए जाने की शिकायत प्रशासन को मिली थी।
शिकायत में बिमल चंद्र दास, बाबलु बागती, अरुण घोष, अशोक पात्र, तपन पात्र, हिरण यादव, नित्यानंद प्रमाणिक, सोमनाथ मंडल, आशीष मंडल और रतन चालक के नाम शामिल हैं। आरोप है कि संबंधित लोगों की ओर से उक्त भूमि पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
मामले की जांच के लिए अंचल अधिकारी ने 27 अगस्त को नोटिस जारी कर सभी संबंधित लोगों को 5 सितंबर को सुबह 11:30 बजे अंचल कार्यालय में भूमि से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया था।
हालांकि, निर्धारित तिथि तक किसी भी संबंधित व्यक्ति ने अंचल कार्यालय में उपस्थित होकर अपना जवाब या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया। इसके बाद मामले को लेकर अंचल प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। प्रशासन भूमि के स्वामित्व और निर्माण से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई कर सकता है।