September 7, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

झारखंड के लातेहार में करंट की चपेट में आने से जंगली हाथी की मौत

झारखंड के लातेहार में करंट की चपेट में आने से जंगली हाथी की मौत

लातेहार, 7 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के लातेहार जिले में बिजली के करंट की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई। घटना रविवार-सोमवार की दरमियानी रात बालूमाथ थाना क्षेत्र की झाबर पंचायत के कोमर गांव के कुसी टोला में हुई।

बताया जा रहा है कि करीब 15 हाथियों का झुंड इलाके में मक्के की फसल की ओर पहुंचा था। इसी दौरान एक हाथी बिजली के तार की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, हाथियों का झुंड पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में फसलों और घरों को नुकसान पहुंचा रहा था। हाथियों से फसल और घर बचाने के लिए गांव के एक ग्रामीण बिफा उरांव ने कथित तौर पर अपने घर के चारों ओर नंगे बिजली के तारों की बाड़ लगा रखी थी।

बताया जा रहा है कि इन तारों में करंट प्रवाहित किया गया था। देर रात हाथियों का झुंड मक्के के खेत की ओर पहुंचा। अंधेरा होने के कारण एक हाथी बिजली के तारों की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाथियों की चिंघाड़ से आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। झुंड के कुछ अन्य हाथियों के भी करंट की चपेट में आने और घायल होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम और बालूमाथ पुलिस मौके पर पहुंची। वन विभाग ने हाथी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रेंजर नंदकुमार मेहता के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि बिजली की बाड़ में किस तरह करंट प्रवाहित किया गया था और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। वन विभाग की जांच के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने ग्रामीणों से जंगली हाथियों से फसल और घर बचाने के लिए बिजली का करंट प्रवाहित करने जैसे घातक उपाय नहीं अपनाने की अपील की है। बालूमाथ क्षेत्र में मानव-हाथी संघर्ष के बीच हाथी की मौत का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी क्षेत्र में धान के खेत से एक छोटे हाथी का शव मिला था। जुलाई 2022 में रेंची के जंगल में भी एक हाथी मृत पाया गया था, जिसके दांत गायब थे।

–आईएएनएस

एसएनसी/एएस

  • IANS is a prominent private Indian news agency. It provides news services to media organizations.

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

हमें फॉलो करें

ताज़ा खबरों और अपडेट के लिए हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading