August 31, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
हिंदी

कोलकाता बाल विवाह मामले में नया मोड़, नाबालिग के पिता समेत तीन लोग गिरफ्तार

कोलकाता बाल विवाह मामले में नया मोड़, नाबालिग के पिता समेत तीन लोग गिरफ्तार

कोलकाता, 31 अगस्त (आईएएनएस)। कोलकाता पुलिस ने बाल विवाह का एक मामला सामने आने के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें नाबालिग लड़की का पिता, उसका पति और सास शामिल है।

यह मामला तब सामने आया, जब लड़की के पिता को पश्चिम बंगाल सरकार की ‘कन्यारत्न शिक्षा अनुदान योजना’ के तहत वित्तीय सहायता मिलती रही। यह योजना अविवाहित लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और बाल विवाह को हतोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाई जाती है।

पुलिस ने नाबालिग लड़की के विवाह, अपहरण और यौन उत्पीड़न के मामले में पति और सास के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, 2012 की कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

कोलकाता के दक्षिणी बाहरी इलाके में स्थित हरिदेवपुर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने रविवार को तीनों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग लड़की दक्षिण 24 परगना जिले के नोडाखाली इलाके की रहने वाली है। वह कोलकाता में हरिदेवपुर के एक युवक से मिली थी और करीब डेढ़ महीने पहले उसके साथ घर से चली गई थी।

युवक ने लड़की से शादी की और उसे हरिदेवपुर स्थित अपने घर ले गया। पुलिस ने बताया कि युवक की मां को पता था कि लड़की 18 साल से कम उम्र की है, फिर भी उसने उसे अपनी बहू के तौर पर स्वीकार कर लिया।

लड़की के परिवार ने शादी की बात छिपाई ताकि उन्हें ‘कन्यारत्न योजना’ के तहत आर्थिक मदद मिलती रहे। यह पैसा नाबालिग लड़की के बैंक खाते में जमा होता था।

पुलिस ने बताया कि लड़की के पिता ने बाद में उसके ससुराल वालों से संपर्क किया और कहा कि उन्हें अपनी बेटी के उनके साथ रहने से कोई आपत्ति नहीं है, बशर्ते परिवार को हर महीने मिलने वाली सरकारी मदद मिलती रहे। उन्होंने फोन पर लड़की को भी यही बात कही।

हालांकि योजना का लाभ मिलते रहने के लिए वेरिफिकेशन के मकसद से नाबालिग लड़की का अपने मायके लौटना जरूरी था। खबरों के मुताबिक, पिता की धमकियों के बावजूद उसने लौटने से इनकार कर दिया और कहा कि वह अपने ससुराल में ही रहना चाहती है।

इसके बाद पिता ने एक एनजीओ से संपर्क किया और बताया कि उनकी नाबालिग बेटी की शादी हो गई है। एनजीओ के अधिकारियों ने हरिदेवपुर पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस की एक टीम लड़की के ससुराल गई और उसे वहां से सुरक्षित निकाला।

पुलिस ने लड़की के पति और सास को गिरफ्तार कर लिया और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

लड़की के पिता को भी गिरफ्तार कर लिया गया क्योंकि पुलिस को पता चला कि जब उनकी बेटी घर से गई थी, तो उन्होंने उसके लापता होने या अपहरण की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। शादी के बारे में पता होने के बावजूद उसने लगभग डेढ़ महीने तक पुलिस को इसकी जानकारी नहीं दी।

पुलिस ने बताया कि पिता ने अधिकारियों से तब संपर्क किया जब सरकारी योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक मदद का मामला उठा। अधिकारियों के मुताबिक, उसे भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है और उन्हीं आरोपों के तहत गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि नाबालिग लड़की को बचा लिया गया है और उसे सुरक्षित जगह पर रखने का इंतजाम किया गया है।

–आईएएनएस

डीकेएम/वीसी

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading