चाईबासा : गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में चाईबासा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (CEIR) पोर्टल की मदद से 33 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल मंगलवार को उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान का नेतृत्व डीएसपी मुख्यालय पूजा कुमारी ने किया। पुलिस की तकनीकी टीम ने अलग-अलग मामलों में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की जानकारी जुटाकर उन्हें ट्रेस किया और बरामदगी की कार्रवाई पूरी की।
खोया मोबाइल वापस पाकर खिले चेहरे

मोबाइल फोन बरामद होने के बाद मंगलवार को उन्हें विधिवत उनके वास्तविक धारकों को सौंपा गया। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। धारकों ने चाईबासा पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों के प्रति आभार जताया।
इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर डॉ. सैय्यद मुस्तफा हासमी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर बहामन टुटी और डीएसपी मुख्यालय पूजा कुमारी मौजूद रहीं।
तकनीकी संसाधनों से मोबाइल बरामदगी पर जोर
पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पुलिस के मुताबिक, गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा Sanchar Saathi App के माध्यम से भी शिकायत दर्ज की जा सकती है। CEIR प्रणाली की मदद से ऐसे मोबाइल फोन को ट्रैक करने और बरामद करने की प्रक्रिया शुरू की जाती है।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोर गिरोह से सावधान
चाईबासा पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह को लेकर भी लोगों को सतर्क किया है। पुलिस के अनुसार, कुछ गिरोह दूसरे जिलों से समूह बनाकर बाजार, हाट और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचते हैं। मौका मिलते ही ये गिरोह लोगों के मोबाइल फोन चोरी कर उन्हें दूसरे राज्यों में बेच देते हैं।
पुलिस ने लोगों से बाजार और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल फोन समेत अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखने की अपील की है। किसी आपात स्थिति में 112 और साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 पर संपर्क करने को कहा गया है।