चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में रोरो नदी डेम में डूबने से संत जेवियर्स स्कूल के 12 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। मुफस्सिल थाना पुलिस ने रविवार सुबह डेम के पानी से छात्र का शव बरामद किया। मृतक की पहचान जगन्नाथपुर प्रखंड के सोसोपी गांव निवासी गणेश सोय के रूप में हुई है।
गणेश चाईबासा के बासाटोंटो में अपने फूफा के घर रहकर संत जेवियर्स स्कूल में पांचवीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम वह साइकिल से ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान रोरो नदी डेम के पास उसकी साइकिल और किताब-कॉपी से भरा बैग मिला।
बैग में रखी किताबों और कॉपियों पर दर्ज नाम व पता के आधार पर ग्रामीणों ने छात्र की पहचान की और उसके फूफा को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद शुक्रवार रात से शनिवार तक परिजन और ग्रामीणों ने डेम के आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन छात्र का कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह फिर से तलाश शुरू की गई।
इसी दौरान डेम के पानी में छात्र का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकालकर कब्जे में लिया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को सदर अस्पताल भेज दिया गया। परिजनों ने आशंका जताई है कि डेम में डूबने के कारण गणेश की मौत हुई है।
फिलहाल मुफस्सिल थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और छात्र के डेम तक पहुंचने की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।