कांड्रा: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र से छह दिनों से लापता दो युवकों राहुल हांसदा और तपन प्रधान के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों के शव बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए दो संदिग्धों की निशानदेही पर रपचा जंगल में जमीन के अंदर से शवों को बाहर निकाला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार, पिंडाबेड़ा निवासी राहुल हांसदा और खरखावां निवासी तपन प्रधान 13 अगस्त से लापता थे। दोनों की तलाश के दौरान पुलिस ने रविन्द्र मार्डी और फूलचंद हांसदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची।
मजिस्ट्रेट सह अंचल निरीक्षक बलवंत सिंह की मौजूदगी में रपचा जंगल में जमीन की खुदाई कर दोनों युवकों के शव बरामद किए गए। मौके पर एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज, कांड्रा थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर विनोद कुमार मुर्मू समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
धातकीडीह स्कूल परिसर से लापता हुए थे युवक

बताया जा रहा है कि 13 अगस्त की रात करीब आठ बजे राहुल हांसदा और तपन प्रधान धातकीडीह स्कूल परिसर में बैठे थे। प्रत्यक्षदर्शी सूरज हांसदा के मुताबिक, इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और युवकों के साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद तीनों को एक कार से गम्हरिया की ओर ले जाने की बात सामने आई।
सूरज हांसदा किसी तरह वहां से भागने में सफल रहा, लेकिन राहुल और तपन का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने दोनों के अपहरण और हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
दोनों शवों की बरामदगी के बाद पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से दोनों युवकों की मौत के कारण और परिस्थितियों की जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों और कथित हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
शव मिलने की सूचना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।