गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर में 18 अगस्त की रात 14 वर्षीय किशोर ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो किशोर फंदे से लटका मिला। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना को लेकर परिजनों ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि किशोर की एक किशोरी से फोन और चैट के जरिए लगातार बातचीत होती थी। परिजनों का आरोप है कि घटना से पहले दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई थी।
परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी बात को लेकर किशोर को मानसिक रूप से परेशान या आत्महत्या के लिए उकसाया गया हो सकता है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस किशोर के फोन कॉल रिकॉर्ड, चैट और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।