चाकुलिया। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड के श्यामसुंदरपुर पंचायत अंतर्गत दुधियाशोल गांव में इस वर्ष 63वीं दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 29 और 30 अगस्त को किया जाएगा। जाहेर आयो एथलेटिक्स क्लब के तत्वावधान में गांव के मारांग बुरु इनडोर स्टेडियम में होने वाली इस प्रतियोगिता की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
प्रतियोगिता में शामिल होने वाली टीमों के लिए एंट्री फीस 19,500 रुपये निर्धारित की गई है। आयोजकों के अनुसार विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 3 लाख रुपये, उपविजेता को 2 लाख रुपये, जबकि तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को 81-81 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा प्रतियोगिता में मैन ऑफ द सीरीज, मैन ऑफ द मैच समेत कई अन्य व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान चीयर्स गर्ल्स का डांस, छप्पल-छप्पल और लांगड़े ऐनेज जैसे कार्यक्रम दर्शकों के लिए खास आकर्षण होंगे। प्रत्येक गोल के बाद चीयर्स गर्ल्स डांस करेंगी।
दो दिनों तक मेले जैसा रहेगा माहौल
फुटबॉल प्रतियोगिता के दौरान दुधियाशोल गांव के मैदान में दो दिनों तक मेले जैसा माहौल देखने को मिलेगा। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।
कमेटी के अध्यक्ष रामधन सोरेन, सचिव बासेत बास्के तथा सदस्यों कारू नाथ सोरेन, टीका राम बेसरा, योगेंद्र बेसरा, चंपाई सोरेन, सुनाराम टुडू और आंता सोरेन ने बताया कि आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
पुरस्कार वितरण समारोह में मंत्री चमरा लिंडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, पोटका विधायक संजीव सरदार और घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।