August 13, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

जिला कलेक्टरों के 11वें ‘पेयजल संवाद’ में मानसून के दौरान जल संरक्षण पर जोर

जिला कलेक्टरों के 11वें ‘पेयजल संवाद’ में मानसून के दौरान जल संरक्षण पर जोर

नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। पेयजल और स्वच्छता सचिव अशोक केके मीणा ने मंगलवार को मानसून के दौरान जल संरक्षण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने जिलों से कहा कि वे ग्राम पंचायतों, छात्रों और स्वयं-सहायता समूहों की भागीदारी के जरिए ‘कैच द रेन’ जल संचय जन भागीदारी अभियान को तेज करें।

जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल और स्वच्छता विभाग द्वारा आयोजित ‘डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर्स पेयजल संवाद’ के 11वें संस्करण में बोलते हुए मीणा ने उन चार जिलों की तारीफ की, जिन्होंने स्रोत की निरंतरता, सूचना, शिक्षा और संचार गतिविधियों के जरिए व्यवहार में बदलाव, शिकायत निवारण तंत्र और कन्वर्जेंस (विभिन्न योजनाओं का एकीकरण) पर नए और बेहतर तरीके अपनाए।

जेजेएम 2.0 के तहत काम को बेहतर बनाने में दूसरे जिलों की मदद करने और एक-दूसरे से सीखने के लिए, चार चुने गए जिलों – उत्तर कन्नड़ (कर्नाटक), खोवाई (त्रिपुरा), डीडवाना कुचामन (राजस्थान) और चतरा (झारखंड) की प्रगति और बेहतरीन तरीकों को संबंधित जिला कलेक्टरों/जिला मजिस्ट्रेटों ने पेश किया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी, जिला कलेक्टर, जिला मजिस्ट्रेट, डिप्टी कमिश्नर शामिल हुए, ताकि जल जीवन मिशन 2.0 को तेजी से लागू करने और बेहतरीन तरीकों को साझा करने पर चर्चा की जा सके।

इस संवाद की अध्यक्षता मीणा ने की और इसमें कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। मीणा ने जिलों से सोर्स सस्टेनेबिलिटी के वैज्ञानिक मूल्यांकन के लिए डिसीजन सपोर्ट सिस्टम का इस्तेमाल करने को भी कहा है।

उन्होंने जिलों से आग्रह किया कि वे तय कमीशनिंग प्रक्रिया और जरूरी ट्रायल रन के बाद पूरी हो चुकी योजनाओं के लिए ‘जल अर्पण’ समारोहों में तेजी लाएं, ताकि संपत्तियों को औपचारिक रूप से ग्राम पंचायतों को सौंपा जा सके।

यह देखते हुए कि देश भर में 2 लाख से ज्यादा गांवों और 1 लाख से ज्यादा ग्राम पंचायतों ने ‘हर घर जल’ सर्टिफिकेशन हासिल कर लिया है, उन्होंने कहा कि अब इसे ग्रामीण जल आपूर्ति प्रणालियों के समुदाय-संचालित प्रबंधन में बदलना चाहिए।

उन्होंने सोर्स सस्टेनेबिलिटी और ग्रे-वाटर (घरेलू अपशिष्ट जल) प्रबंधन के लिए वीबी-जी राम जी जैसे कार्यक्रमों के साथ कन्वर्जेंस, पानी और स्वच्छता के लिए 16वें वित्त आयोग से जुड़े अनुदानों का प्रभावी इस्तेमाल, और गांव की जल आपूर्ति बुनियादी ढांचे के संचालन और रखरखाव में मदद के लिए जीपी स्तर पर यूजर चार्ज इकट्ठा करने पर भी जोर दिया।

–आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading