August 6, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

Railway RAC Ticket Rules: अब RAC यात्रियों को भी मिलेगा पूरा बेडरोल किट, रेलवे बोर्ड ने सभी जोन को जारी किया सख्त आदेश

Railway RAC Ticket Rules: अब RAC यात्रियों को भी मिलेगा पूरा बेडरोल किट, रेलवे बोर्ड ने सभी जोन को जारी किया सख्त आदेश

जमशेदपुर/चक्रधरपुर : रेलवे में आरएसी (Reservation Against Cancellation) टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। रेलवे बोर्ड ने नया आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि अब आरएसी टिकट धारकों को भी कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों की तरह पूरा बेडरोल किट उपलब्ध कराया जाएगा।

इस किट में एक कंबल, दो चादर, एक तकिया और एक तौलिया शामिल रहेगा। यह व्यवस्था एसी चेयर कार को छोड़कर सभी वातानुकूलित श्रेणियों में लागू होगी।

रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों, जिनमें दक्षिण पूर्व रेलवे भी शामिल है, को निर्देश दिया है कि इस आदेश का तत्काल प्रभाव से सख्ती के साथ पालन सुनिश्चित किया जाए।

रेलवे का कहना है कि आरएसी यात्री भले ही साइड लोअर बर्थ की आधी सीट साझा करते हों, लेकिन वे पूरा किराया अदा करते हैं। ऐसे में उन्हें भी बेडरोल की पूरी सुविधा मिलनी चाहिए।

दरअसल, रेलवे ने आरएसी यात्रियों को अलग से बेडरोल उपलब्ध कराने की व्यवस्था वर्ष 2023 में ही लागू कर दी थी। इसके बावजूद लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि ऑन-बोर्ड स्टाफ कई ट्रेनों में आरएसी यात्रियों को पूरा बेडरोल देने से मना कर देता है या केवल साझा बेडरोल उपलब्ध कराता है।

इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रेलवे बोर्ड ने दोबारा निर्देश जारी कर सभी जोन को नियम का कड़ाई से पालन कराने के लिए कहा है।

रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी आरएसी यात्री को यात्रा के दौरान निर्धारित बेडरोल किट उपलब्ध नहीं कराई जाती है, तो वह ट्रेन में मौजूद टीटीई से तुरंत संपर्क कर सकता है।

इसके अलावा यात्री रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत दर्ज कर इस सुविधा का लाभ सुनिश्चित करा सकते हैं।

रेलवे के इस फैसले से हजारों आरएसी यात्रियों को राहत मिलेगी और उन्हें अब यात्रा के दौरान कन्फर्म टिकट यात्रियों के समान बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading