गम्हरिया : सरायकेला खरसावां जिले के राजकीय पॉलिटेक्निक, आदित्यपुर के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘बेस्ट एकेडमिक टीचर एंड एडमिनिस्ट्रेटर’ सम्मान से नवाजा जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्यपाल निवास के ‘एट होम’ समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जाएगा।
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों और विद्यार्थियों का चयन किया है। विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार, राजकीय पॉलिटेक्निक आदित्यपुर के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार को ‘बेस्ट एकेडमिक टीचर एंड एडमिनिस्ट्रेटर’ तथा संस्थान के छात्र मानस प्रसाद को ‘स्टूडेंट इन एकेडमिक एक्सीलेंस’ पुरस्कार के लिए चुना गया है।
इस उपलब्धि से राजकीय पॉलिटेक्निक, आदित्यपुर में उत्साह का माहौल है। बताया गया कि डॉ. संजीव कुमार ने मात्र साढ़े पांच वर्ष की सेवा अवधि में यह प्रतिष्ठित सम्मान हासिल कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है।
डॉ. संजीव कुमार इससे पहले जगन्नाथपुर पॉलिटेक्निक में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके बाद उन्होंने गम्हरिया स्थित राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में करीब ढाई वर्षों तक प्राचार्य के रूप में कार्य किया।
अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने छात्रावास की बदहाल व्यवस्था में सुधार, परिसर में अवांछित तत्वों के प्रवेश पर प्रभावी रोक, शैक्षणिक गतिविधियों को व्यवस्थित करने और अनुशासन स्थापित करने जैसे कई महत्वपूर्ण कदम उठाए।
उनके नेतृत्व में संस्थान ने शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रशासनिक व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की, जिसके लिए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है।