धनबाद: पेपर लीक विवाद और छात्रों के भविष्य को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच बुधवार को धनबाद में पोस्टर वॉर शुरू हो गया। शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों और एसएसएलएनटी महिला कॉलेज के सामने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लिखे पोस्टर लगाए जाने से राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
पोस्टरों के समीप एनएसयूआई (NSUI) का नाम भी अंकित होने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बुधवार सुबह शहर के विभिन्न इलाकों में लगे इन पोस्टरों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। एसएसएलएनटी महिला कॉलेज के सामने लगाए गए एक बड़े पोस्टर में एके-47 राइफल की तस्वीर के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित और आपत्तिजनक टिप्पणियां लिखी गई थीं। पोस्टर के बगल में एनएसयूआई का नाम भी दर्ज होने से राजनीतिक विवाद और गहरा गया।
इन पोस्टरों में प्रयुक्त भाषा और प्रतीकों को लेकर शहर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। भाजपा ने इसे प्रधानमंत्री की छवि धूमिल करने की साजिश बताते हुए कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
भाजपा के जिला महामंत्री मानस प्रसून ने कहा कि कांग्रेस देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भ्रामक माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी और पोस्टर लगाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करेगी।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम के बाद धनबाद का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। अब सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है कि पोस्टर लगाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।