August 6, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

JPSC-JSSC भर्ती विवाद: बाबूलाल मरांडी ने आंदोलनरत छात्रों से की मुलाकात, CBI जांच और अधिकारियों को हटाने की उठाई मांग

JPSC-JSSC भर्ती विवाद: बाबूलाल मरांडी ने आंदोलनरत छात्रों से की मुलाकात, CBI जांच और अधिकारियों को हटाने की उठाई मांग

रांची : बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों से मुलाकात की।

इस दौरान उन्होंने छात्रों की मांगों को जायज बताते हुए पूरे मामले की CBI जांच कराने और JPSC व JSSC के शीर्ष अधिकारियों को तत्काल हटाने की मांग की। भाजपा नेताओं के साथ पहुंचे मरांडी ने कहा कि पार्टी छात्रों के संघर्ष में सड़क से लेकर सदन तक उनके साथ खड़ी रहेगी।

मरांडी ने आंदोलनरत छात्रों और भाजपा प्रतिनिधिमंडल के बीच करीब 15 मिनट तक हुई बातचीत के बाद पत्रकारों से कहा कि यह मामला केवल पेपर लीक तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य की भर्ती प्रक्रियाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और पारदर्शिता की कमी के आरोप सामने आए हैं।

उन्होंने कहा कि JPSC और JSSC की कई परीक्षाओं को लेकर अभ्यर्थियों ने गंभीर सवाल उठाए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि 14वीं JPSC संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा, JSSC CGL और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा समेत कई नियुक्ति प्रक्रियाओं में अनियमितताओं की शिकायतें मिली हैं।

उनके अनुसार कई योग्य अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हुआ है और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से जांच कराई जानी चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने मांग की कि JPSC और JSSC के अध्यक्ष, सचिव तथा परीक्षा नियंत्रक को तत्काल उनके पदों से हटाया जाए और स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी अधिकारी या अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए मरांडी ने कहा कि छात्र लंबे समय से बारिश के बीच आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें परेशान कर रही है।

उन्होंने कहा कि यह लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है, इसलिए सरकार को संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा छात्रों के मुद्दे को आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाएगी और उनकी न्यायसंगत मांगों के समर्थन में लगातार आवाज बुलंद करती रहेगी।

इस दौरान भाजपा विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, मनोज यादव, नागेंद्र महतो, डॉ. नीरा यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, अमित यादव, शत्रुघ्न महतो, उज्ज्वल दास, मंजू कुमारी, प्रदीप प्रसाद, पूर्णिमा साहू, आजसू विधायक निर्मल महतो, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू समेत कई अन्य नेता मौजूद रहे।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading