जमशेदपुर : झारखंड सरकार के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए चार जिला आपूर्ति पदाधिकारियों (डीएसओ) का तबादला किया है।
जारी अधिसूचना के अनुसार पूर्वी सिंहभूम के विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी राहुल जी आनंद को सरायकेला-खरसावां के जिला आपूर्ति पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इस संबंध में विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है, जिसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी राहुल जी आनंद को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ सरायकेला-खरसावां के जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे अगले आदेश तक दोनों जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
वहीं, सरायकेला-खरसावां के जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा का तबादला खूंटी जिले में जिला आपूर्ति पदाधिकारी के पद पर किया गया है।
इसी क्रम में खूंटी के जिला आपूर्ति पदाधिकारी भीम उरांव को स्थानांतरित कर गुमला जिले का जिला आपूर्ति पदाधिकारी बनाया गया है।
इसके अलावा निशा कुमारी सिंह को रामगढ़ जिले में जिला आपूर्ति पदाधिकारी के पद पर पदस्थापित किया गया है।
राज्य सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को सार्वजनिक वितरण प्रणाली और खाद्य आपूर्ति व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है।