जमशेदपुर: श्रावण मास के पावन अवसर पर शनिवार शाम परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर से शिवभक्तों का एक जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए सुल्तानगंज रवाना हुआ। मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
यात्रा प्रारंभ होने से पहले सभी श्रद्धालुओं ने परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर परिसर में सामूहिक रूप से भगवान शिव की आराधना की। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा भोलेनाथ के भक्ति गीतों और भजनों से हुई।
लगभग एक घंटे तक चले संकीर्तन और भजन-कीर्तन में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। पूजा-अर्चना और मंगलकामना के बाद सभी श्रद्धालु सुल्तानगंज के लिए रवाना हुए।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु रविवार सुबह सुल्तानगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र गंगाजल भरेंगे। इसके बाद कांवर लेकर पैदल बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए प्रस्थान करेंगे। देवघर पहुंचने पर सभी श्रद्धालु भगवान बाबा बैद्यनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर जलाभिषेक करेंगे।
धार्मिक परंपरा के अनुसार, देवघर में जलाभिषेक के उपरांत श्रद्धालु सोमवार को वापस जमशेदपुर स्थित परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर पहुंचेंगे। यहां मंदिर परिसर में स्थापित महाकाल शिवलिंग पर सुल्तानगंज से लाए गए पवित्र गंगाजल से विशेष जलाभिषेक किया जाएगा।
मंदिर समिति के अनुसार, सुल्तानगंज से लाया गया गंगाजल अत्यंत पवित्र माना जाता है और इसी गंगाजल से वर्षभर परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर में विराजमान महाकाल का नियमित जलाभिषेक किया जाता है।
श्रावण मास में आयोजित यह धार्मिक यात्रा हर वर्ष श्रद्धा, आस्था और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है।