July 31, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

Shravani Mela 2026: बाबा बैद्यनाथधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, पहले ही दिन 3 किमी लंबी कतार, डीसी-एसपी ने संभाली कमान

Shravani Mela 2026: बाबा बैद्यनाथधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, पहले ही दिन 3 किमी लंबी कतार, डीसी-एसपी ने संभाली कमान

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 के पहले दिन गुरुवार को बाबा बैद्यनाथधाम में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। तड़के सुबह से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं और कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बुधवार देर रात से शुरू हुई कतार गुरुवार सुबह तक तीन किलोमीटर से अधिक लंबी हो गई। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से जलार्पण कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

पहले दिन से ही अर्घा व्यवस्था लागू, सुगम जलार्पण शुरू

श्रावणी मेले के पहले दिन उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की मौजूदगी में बाबा मंदिर में अर्घा स्थापित किया गया। इसके बाद अर्घा व्यवस्था के माध्यम से कतारबद्ध श्रद्धालुओं ने कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच सुचारु रूप से बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक शुरू किया।

प्रशासन का उद्देश्य है कि किसी भी श्रद्धालु को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और जलार्पण की प्रक्रिया निर्बाध रूप से चलती रहे।

डीसी और एसपी ने मंदिर व मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर और पूरे मेला क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और जलार्पण व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कंट्रोल रूम से सीसीटीवी के जरिए हुई निगरानी

उपायुक्त ने बाबा मंदिर स्थित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। यहां से उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मंदिर परिसर, गर्भगृह, निकास द्वार और अन्य संवेदनशील स्थानों की लाइव मॉनिटरिंग की। कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

सेवा भाव और शालीन व्यवहार के दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को श्रद्धालुओं के प्रति सेवा भाव और शालीन व्यवहार बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि वे देवघर से सुखद अनुभव लेकर लौटें।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, जिला खेल पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading