July 31, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
हिंदी

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता करेंगी विद्या वाहिनी योजना का शुभारंभ, 3,000 छात्राओं को मिलेंगी मुफ्त साइकिलें

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता करेंगी विद्या वाहिनी योजना का शुभारंभ, 3,000 छात्राओं को मिलेंगी मुफ्त साइकिलें

नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार शुक्रवार को छात्राओं के लिए एक नई पहल की शुरुआत करने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ‘विद्या वाहिनी’ योजना का शुभारंभ करेंगी। इस योजना के तहत सरकारी स्कूलों में कक्षा 9 में पढ़ने वाली छात्राओं को मुफ्त साइकिलें दी जाएंगी, ताकि उन्हें स्कूल आने-जाने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

योजना का शुभारंभ पूर्वी विनोद नगर स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सुबह 10 बजे आयोजित कार्यक्रम में होगा। पहले चरण में 3,000 छात्राओं को साइकिलें वितरित की जाएंगी। इसके बाद अगले एक महीने के भीतर चरणबद्ध तरीके से दिल्ली की करीब 1.40 लाख छात्राओं तक इस योजना का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए कहा, “दिल्ली की बेटियां केवल अपने सपने नहीं संजोतीं, वे एक विकसित, शिक्षित और समर्थ दिल्ली का भविष्य भी गढ़ती हैं। विद्या वाहिनी योजना उनके इसी सफर की नई साथी है। आज दिल्ली के सरकारी विद्यालयों में कक्षा 9 में पढ़ने वाली 3,000 बेटियों को साइकिलें भेंट की जाएंगी। ये साइकिलें हमारी बेटियों के लिए समय बचाने वाली, आत्मविश्वास बढ़ाने वाली और हर सुबह को नए उत्साह और नई उम्मीद से भरने वाली साथी बनेंगी।”

इस योजना का मुख्य उद्देश्य छात्राओं की शिक्षा को आसान बनाना है। राजधानी में कई ऐसी छात्राएं हैं, जिन्हें रोजाना लंबी दूरी तय करके स्कूल जाना पड़ता है। कई बार परिवहन की सुविधा या खर्च की वजह से उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती है। ऐसे में मुफ्त साइकिल मिलने से न सिर्फ उनका सफर आसान होगा, बल्कि स्कूल में नियमित उपस्थिति भी बढ़ेगी।

सरकार का कहना है कि कोई भी बेटी केवल दूरी, आर्थिक परेशानी या परिवहन की दिक्कत के कारण अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़े। सरकार को उम्मीद है कि इस योजना से छात्राओं को पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा, परिवारों पर आने वाला परिवहन का खर्च कम होगा और अधिक से अधिक बेटियां नियमित रूप से स्कूल पहुंच सकेंगी। शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल छात्राओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाली साबित हो सकती है।

— आईएएनएस

पीआईएम/डीकेपी

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading