जुगसलाई में शराब दुकान का विरोध | मंदिर के पास दुकान खोलने पर स्थानीय लोगों का प्रदर्शन | #shorts
गिरिडीह जिले में महिलाओं से सोने की चेन छीनने की दो सनसनीखेज घटनाओं का गिरिडीह पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। विशेष जांच दल (एसआईटी) की लगातार तकनीकी और मानवीय जांच के बाद दोनों मामलों में छीनी गई सोने की चेन बिहार के कटिहार जिले से बरामद कर ली गई है। हालांकि, घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों की पहचान हो चुकी है, लेकिन उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की लगातार छापेमारी जारी है। जानकारी के अनुसार, पहली घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह स्थित मंगल मूर्ति विवाह भवन के समीप 11 जुलाई की शाम करीब छह बजे हुई थी, जहां बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली थी। वहीं दूसरी घटना नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा पावर हाउस के पास 12 जुलाई की शाम करीब सात बजे हुई, जहां इसी तरह दो बाइक सवार बदमाशों ने दूसरी महिला को निशाना बनाकर उसकी सोने की चेन छीन ली थी। लगातार दो दिनों में हुई इन वारदातों से शहरवासियों, खासकर महिलाओं में दहशत का माहौल बन गया था। दोनों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 186/2026 तथा नगर थाना में कांड संख्या 150/2026 दर्ज किया गया। मामले के शीघ्र उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) जितवाहन उरांव के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय आसूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान धनबाद, बोकारो और बिहार के कटिहार जिले के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी की गई। आखिरकार कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र स्थित नया टोला जुराबगंज में छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली। छापेमारी के दौरान अपराधियों के घर से दोनों महिलाओं से छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली गई। पुलिस के अनुसार, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र से छीनी गई चेन का वजन लगभग 11 ग्राम, जबकि नगर थाना क्षेत्र से छीनी गई चेन का वजन लगभग 19 ग्राम है। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही सभी आरोपी कानून की गिरफ्त में होंगे। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले में चेन छिनतई जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इस पूरे अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) जितवाहन उरांव, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम नीरज कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) द्वितीय रूपेन्द्र कुमार राणा, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं तकनीकी शाखा के कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की इस कार्रवाई से दोनों पीड़ित महिलाओं को राहत मिली है और आम लोगों में भी सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
Do not forget to subscribe our channel on YouTube and like and share our videos.
For similar news videos, do follow, like, promote and watch our channel and also watch Town Post Live 24×7